कोरिया : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की संकल्पना से प्रेरित विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत कोरिया जिले में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराने हेतु विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसान, अनुसंधान और विज्ञान को एक मंच पर लाकर खेती को लाभकारी और टिकाऊ बनाना है।
जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं जिला नोडल अधिकारी व मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के मार्गदर्शन में एक 3 सदस्यीय कृषि वैज्ञानिकों की टीम गठित की गई है। यह टीम 29 मई 2025 से प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्लस्टर गांवों में जाकर खरीफ मौसम के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी किसानों को दे रही है।
अब तक जिले के 36 क्लस्टर गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 74 गांवों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हो चुके हैं। कार्यक्रमों के दौरान किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत कास्त तकनीक, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड आधारित उर्वरक प्रबंधन, नवीन कृषि यंत्रों का उपयोग, ड्रोन प्रदर्शन, जल संरक्षण तकनीक, बीज उपचार एवं समन्वित कीट प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारी शामिल हैं। अभियान की एक खास बात यह है कि गांवों के प्रगतिशील किसान भी अपने अनुभव साझा कर अन्य किसानों को प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।


