रायपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि स्थानीय लोगों को भी गहरा सदमा लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक 27 साल की युवती को तेलीबांधा चौक पर एक ट्रक ने कुचल दिया है। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि युवती के सिर और छाती की हड्डियां चूर-चूर हो गई हैं। एक्सीडेंट का CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को कैसे कुचला। यह फुटेज बहुत ही दर्दनाक है और इसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाएगी।

मिली जानकारी के मुताबिक मृत युवती का नाम एल.तान्या रेड्डी है। घटना करीब 11:30 बजे की है। वह मैग्नेटो मॉल की तरफ से शहर के भीतर मरीन ड्राइव की ओर आ रही थीए तभी ट्रक के ब्लाइंड स्पॉट में आ गई। स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर में ट्रकों की गति को नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे इस तरह के हादसे होते रहते हैं।
तेलीबांधा थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रक रेड सिग्नल होने के कारण ट्रक खड़ा हुआ था, जो मैग्नेटो मॉल की तरफ से टाटीबंध की ओर जा रहा था। सिग्नल ग्रीन होते ही ट्रक आगे बढ़ा। इस दौरान स्कूटी को ट्रक ड्राइवर ने लेफ्ट तरफ के चक्के से अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि युवती की स्कूटी ट्रक के ब्लाइंड स्पॉट में आई। जिसे ट्रक ड्राइवर ने देखा नहीं और गाड़ी आगे बढ़ा दी। एक्सीडेंट होते ही स्कूटी ट्रक के सामने के हिस्से में फंस गईं। जिससे तान्या ट्रक के पिछले चक्के में दब गई।
तेलीबांधा पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने युवती की लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया है। ट्रक छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले का है। शहर में बढ़ते हादसों को लेकर लोगों में चिंता है। लोगों का कहना है कि शहर में यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।



