एमसीबी : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने बुधवार को कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए। इस वर्ष मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की छात्राओं ने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन किया। विजय नर्सरी इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, मनेन्द्रगढ़ की छात्रा श्रुति मंगतानी, पुत्री श्री राकेश मंगतानी ने 97.40% अंक प्राप्त कर राज्य मेरिट सूची में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जनकपुर की छात्रा वंदना सिंह, पुत्री श्री रामपाल सिंह ने 97.67% अंकों के साथ राज्य मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया। जिले का समग्र परीक्षा परिणाम भी सराहनीय रहा। कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत और कक्षा 12वीं में 68 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। जिले के कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने दोनों छात्राओं को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




