Home एम.सी.बी. एमसीबी/CG : महिला सशक्तिकरण की दिशा में मनेन्द्रगढ़ में नई पहल, रुई...

एमसीबी/CG : महिला सशक्तिकरण की दिशा में मनेन्द्रगढ़ में नई पहल, रुई बाती निर्माण की 5 मशीनें प्रदाय………….

33
0
कलेक्टर ने किया प्रशिक्षण का निरीक्षण, नवाचार से जुड़े आजीविका मिशन को दी नई सौगात

एमसीबी/09 मई 2025/ नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ) एवं जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से महिलाओं की आजीविका संवर्धन हेतु एक सराहनीय कदम उठाया गया है। सोनहा बिहान आजीविका महिला संकुल संगठन, चैनपुर को रुई बाती निर्माण की पांच मशीनें प्रदाय की गई हैं, जो महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस नवाचार के सफल क्रियान्वयन हेतु 8 एवं 9 मई को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन संकुल भवन में किया गया, जिसमें गुजरात से पधारे राष्ट्रपति सम्मानित आविष्कारक श्री दीपक भाई पटेल द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। श्री पटेल ही इस मशीन के आविष्कारक हैं, जिन्होंने अपनी तकनीकी विशेषज्ञता के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को मशीन संचालन की बारीकियाँ समझाई। प्रशिक्षण एवं मशीन स्थापना की निगरानी एनआईएफ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नितिन मौर्य एवं वैज्ञानिक डॉ. राहुल प्रकाश की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने स्थल का औचक निरीक्षण कर कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने आगामी छह माह के भीतर मशीन की उपयोगिता, उत्पादन क्षमता एवं प्रभाव पर आधारित अध्ययन प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनआरएलएम को दिए। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए एनआईएफ की टीम एवं आविष्कारक श्री पटेल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार ग्रामीण आजीविका में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकते हैं। उल्लेखनीय है कि यह मशीनें 20 दीदियों के एक समूह द्वारा सामूहिक रूप से संचालित की जाएंगी, जिससे न केवल उन्हें आय का एक स्थायी स्रोत प्राप्त होगा, बल्कि यह पहल अन्य महिला समूहों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here