Home कोरिया बैकुंठपुर/कोरिया : धौराटीकरा समिति में करोड़ों का घोटाला, किसानों के नाम...

बैकुंठपुर/कोरिया : धौराटीकरा समिति में करोड़ों का घोटाला, किसानों के नाम पर उठा रहा फायदा, नियम-कानून की उड़ रही धज्जियां ?…………

219
0

बैकुंठपुर : धौराटीकरा सहकारी समिति में बड़े पैमाने पर घोटाले और अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। समिति के प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने किसानों के नाम पर फर्जी ऋण वितरण, खाद-बीज वितरण में धांधली और करोड़ों रुपये की वित्तीय गड़बड़ियां की हैं। मामला तब सामने आया जब जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सरगुजा संभाग के मुख्य पर्यवेक्षक ने जांच के दौरान समिति के ऋण खातों की जांच की। इस दौरान पाया गया कि बिना लिमिट पास कराए, बिना ड्रॉवल पास किए ही किसानों के नाम पर खाद-बीज और नगद ऋण चढ़ाया गया है।

किसानों ने आरोप लगाया कि जब वे स्वयं खाद-बीज लेने समिति जाते हैं, तो उनसे नियम-कायदों की लंबी चौड़ी प्रक्रिया पूरी कराई जाती है। लेकिन समिति प्रबंधक अपने चुनिंदा लोगों को बिना किसी औपचारिकता के खाद-बीज उनके घर तक पहुंचवा रहे हैं। इससे संदेह है कि कहीं यह सामग्री ब्लैक मार्केट में बेची तो नहीं जा रही। किसानों ने यह भी कहा कि उनके साथ कभी इतनी सहूलियत नहीं बरती गई, फिर ऐसा क्या कारण है कि अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों को ताक पर रखकर फाइनेंस किया जा रहा है?

समिति प्रबंधक का विवादित इतिहास पहले भी सुर्खियों में रहा है। चाहे वह धान खरीदी हो या खाद-बीज वितरण—हर जगह अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खुद प्रबंधक ने अंबिकापुर रोड ग्राम भाडी में अपने नाम से एक बीज-खाद की दुकान खोल रखी है, जो सहकारिता अधिनियम के खिलाफ है। नियमों के अनुसार कोई भी समिति कर्मचारी इस तरह का व्यवसाय नहीं कर सकता।

किसानों और स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रबंधक के परिवार और रिश्तेदार बैंक के कई पदों पर हैं, जिससे हर बार मामले को दबा दिया जाता है। इस बार भी पूरे प्रमाण मौजूद होने के बावजूद कार्रवाई की रफ्तार धीमी है। आरोप है कि बिना अधिकारियों की मंजूरी और बिना प्रस्ताव के खाद-बीज का वितरण करना खुला कानून उल्लंघन है और शासन को सीधी चुनौती है। साथ ही अजय साहू द्वारा संपादक को बार-बार जान से मारने की धमकी भी दिया जाता रहा है। संपादक द्वारा अजय साहू के खिलाफ पु्रफ सहित कई बार थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय को शिकायत करते आ रहे है परंतु पुलिस भी पैसे के बल पर कोई कार्यवाही नहीं कर रही।

मुख्य पर्यवेक्षक ने कलेक्टर कोरिया, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं कोरिया और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा प्रबंधक बैकुंठपुर नोडल अधिकारी को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया है। किसानों और सामाजिक संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह समाचार मिली जानकारी के अनुसार प्रकाशित किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here