Home नरसिंहपुर नरसिंहपुर : कलेक्टर ने बाल दिवस पर किया छात्राओं से संवाद, ...

नरसिंहपुर : कलेक्टर ने बाल दिवस पर किया छात्राओं से संवाद, एमएलबी स्कूल नरसिंहपुर में किया बाल मेले का शुभारंभ……………

38
0

नरसिंहपुर : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने पीएमश्री के अंतर्गत टीएलएम मेला, तेजस्वी प्रदर्शनी, विज्ञान मेला के अलावा बाल दिवस पर मनोरंजन मेला का शुभारंभ पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर में किया।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अब बालिकाएं न सिर्फ अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही हैं, बल्कि स्वयं आगे आकर सामाज के लिए मिसाल भी कायम कर रही हैं। वर्तमान में लड़का- लड़की के बीच का भेद खत्म हो रहा है। माता-पिता भी अपनी बच्ची को पढ़ा- लिखा कर आगे बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं। लड़कियों की सुरक्षा हम सब की जिम्मेदारी है।यौन अपराधों से बच्चों को संरक्षण देने के उद्देश्य से पॉक्सो प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंसेस एक्ट (POCSO) अधिनियम बनाया गया है। इस कानून के अंतर्गत नाबालिग बच्चों के प्रति यौन उत्पीड़न, यौन शोषण जैसे यौन अपराध और छेड़छाड़ के मामलों में कार्रवाई की जाती है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग और किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और उनके संरक्षण से संबंधित) अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी। यह आपके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा इनसे संबंधित कार्यशाला और विशेष सेशन का आयोजन भी कराया जाएगा।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने छात्राओं से कहा कि कोई भी काम किसी भी क्षेत्र से संबंधित हो उसको करने के ‍लिए सबसे पहले स्वयं की रूचि होनी चाहिए। कड़ी मेहनत और लगन से कठिन से कठिन कार्य में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के सफर में कई कठिन रास्तों से गुजरना पडता है, कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, पर अगर हम जुनून के साथ उस कार्य को पूरा करने का निश्चय करेंगे, तो सफलता अवश्य मिलेगी। सफलता में मेहनत और धैर्य दो सबसे महत्वपूर्ण अंग है। सफलता की राह में आपका आपके परिवार, शिक्षक और समाज के साथ व्यवहार बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि ज्यादा समय अपने मोबाइल में बर्बाद नहीं करें। किताबों को ज्यादा पढ़ें।अपने देश विदेश में होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी रखें इसके लिए समाचार पत्र, आल इंडिया रेडियो और अन्य संसाधनों की मदद लें। यह आपके व्यक्तिगत जीवन के साथ- साथ समाज और देश को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्नत समाज व्यक्ति के लिए अच्छा वातावरण निर्मित करता है।

      कलेक्टर ने छात्राओं से हुए संवाद में हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के बारे में बच्चों से पूछा। कलेक्टर श्रीमती पटले ने बताया कि अमेरिका के अब तक के इतिहास में कभी कोई महिला राष्ट्रपति नहीं बनी है। हमारे देश में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण ओहदे पर महिलाएँ रही है। हमारे देश में महिलाओं के लिए सभी पदों व संभावनाओं के लिए द्वार खुले हैं, वे आगे बढ़ने के लिए अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करें, शासन और समाज उनके साथ है। महिलाएं आज सभी क्षेत्रों में आगे हैं, चाहे वह राजनीतिक हो, सामाजिक हो या शिक्षा सभी में अपनी क्षमता का प्रदर्शन बखूबी कर रही है।किसी भी देश और समाज का विकास तभी संभव है जब महिलाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

      बाल दिवस पर मनोरंजन मेला में 33 छात्राओं द्वारा विभिन्न व्यंजनों के स्टाल लगाए गए। कलेक्टर श्रीमती पटले ने यहां बच्चों द्वारा लगाये गये स्टॉल में जाकर विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लिया। बच्चों ने भी बड़े आत्मीय भाव और उत्साह के साथ कलेक्टर को विभिन्न प्रकार के व्यंजन खिलाये। बच्चों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ बाल मेले में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने कार्यक्रम में टीएलएम मेला, तेजस्वी प्रदर्शनी, विज्ञान मेला का अवलोकन कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। नई शिक्षा नीति के तहत कक्षा नवमीं और ग्यारहवीं की छात्राओं के 24 समूह द्वारा भविष्य में स्वव्यवसाय के अवसर के रूप में देखते हुए स्वनिर्मित सामग्री की प्रदर्शनी में लगाई गई। गणित, अंग्रेजी, सामाजिक व विज्ञान की शैक्षणिक सामग्री प्रदर्शनी में 95 प्रतिभागी छात्राओं द्वारा टीएलएम का प्रदर्शन किया गया। विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में 110 प्रतिभागी छात्राओं द्वारा विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए, जिसमें 26 वर्किंग मॉडल शामिल थे। छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

      इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल व्यौहार, सहायक संचालक शिक्षा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सुश्री प्राशी अग्रवाल, एपीसी रमसा श्री दीपक अग्निहोत्री, श्री मुकेश साहू, विद्यालय का स्टॉफ, प्रदर्शनी के सभी समूह के प्रभारी, उद्यम लर्निंग फाउंडेशन और विद्यार्थी मौजूद थे। कार्यक्रम में आभार प्राचार्य श्रीमती आशा नेमा ने व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here