अंबिकापुर
सरगुजा सिने आर्ट एसोसिएशन एवं भारतीय कलाकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 1 अगस्त को अंबिकापुर स्थित सर्किट हाउस परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से “एक देश–एक पौधा, एक व्यक्ति–एक पौधा” अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। उपस्थित कलाकारों ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरगुजा सिने आर्ट एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। इनके बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि संस्था पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता अभियान निरंतर चलाती रहेगी तथा लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेगी।
संस्था के अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने सरगुजा संभाग के सभी कलाकारों से अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजन में विशेष भूमिका निभाने वाले संस्था के सचिव राहुल पांडेय ने बताया कि सरगुजा सिने आर्ट एसोसिएशन द्वारा “एक व्यक्ति–एक पौधा” अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत संभाग के विभिन्न स्थानों पर जाकर पौधारोपण किया जाएगा तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज कलाकारों और अभिनेताओं को आदर्श मानता है तथा उनकी बातों को गंभीरता से सुनता है। इसलिए प्रत्येक कलाकार को स्वयं पौधा लगाकर समाज को भी इस अभियान से जोड़ना चाहिए।

इस अवसर पर संस्था के सभी कलाकारों ने अपने-अपने नाम से एक-एक पौधा लगाया तथा उपस्थित लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में भारतीय कलाकार संघ के सदस्य एवं झारखंड राज्य प्रभारी संतोष विश्वकर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण केवल मानव जीवन ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के अस्तित्व के लिए आवश्यक है। जिस तेजी से पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है, उसे देखते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण ही है।

इस अवसर पर सरगुजा सिने आर्ट एसोसिएशन के संरक्षक कृष्णानंद तिवारी, रंजीत सारथी, कोषाध्यक्ष जितेंद्र विंदु, उपाध्यक्ष दिनेश केहारी, महिला अध्यक्ष रानू साहू, तथा संस्था के सदस्य पूजा पांडेय, मनीषा सिन्हा, अर्पिता सिंह, सुप्रिया वर्मा, माधुरी जायसवाल, अर्चना पाठक, देवेश बेहरा, राजेश सिन्हा, आयुष तिवारी, प्रीति विश्वास, अंजलि तिर्की, आनंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित रहे।
सरगुजा सिने आर्ट एसोसिएशन एवं भारतीय कलाकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह पौधारोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कलाकारों एवं सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए भविष्य में भी इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।

