कोरिया, 30जुलाई 2026/ योजनाओं के अभिसरण से वनांचल सोनहत के ग्राम पंचायत किशोरी में एक बेहतर जल संसाधन के साथ आवागमन की सुविधा बनकर तैयार हुई है। इससे ग्राम पंचायत किशोरी के दो अलग क्षेत्रों में बारहमासी आवागमन की सुविधा के साथ पूरे क्षेत्र में जलसरंक्षण का कार्य भी पूर्ण हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए दो अलग अलग योजनाओं जिला खनिज न्यास मद और महात्मा गांधी नरेगा का अभिसरण कर कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। कार्य की एजेंसी जल संसाधन विभाग को बनाया गया था। कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्थानीय ग्रामीणों के आवागमन की सुविधा पर संतोष व्यक्त करते हुए ग्रामीणों को स्टापडेम में संरक्षित जल का कृषि हेतु ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने को कहा है।
सामान्य जनजीवन में उफनते नाले का अवरोध
जिले के वनांचल विकासखण्ड सोनहत के ग्राम किशोरी में बलसिंगापारा से करगीबारीपारा के बीच कुकरीझरिया नामक नाला बहता है। बारिश के दिनों में यह पहाड़ी नाला काफी तेज बहाव के साथ बहता है। इससे बारिश के चार महीनों के दौरान दोनों क्षेत्रों का आपस में संपर्क कट जाता था। कुकरीझरिया नाला पर उचित आवागमन व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां के लगभग चालीस से अधिक परिवारों को बारिश के दौरान अपने इलाज और आवश्यक सामानों की खरीददारी के लिए उफनते नाले को पार करना बेहद जोखिम भरा रहता था। साथ ही मोहल्ले मे रहने वाले परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए स्कूल आने जाने में बड़ी दिक्क्तों का सामना करना पड़ता था।
योजनाओ के अभिसरण से बनी बात
जिला प्रशासन द्वारा ग्रामवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग को कार्य की आवश्यकता अनुसार स्थल चयन और निर्माण प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री ए टोप्पो ने स्वयं आवश्यक स्थानों का निरीक्षण कर जिला खनिज संस्थान न्यास एवं मनरेगा मद के अभिसरण से कार्य का प्रस्ताव तैयार कराया और जिला खनिज न्यास मद से 43 लाख 38 हजार रूपए तथा मनरेगा से श्रम कार्य हेतु 6 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई। जल संसाधन विभाग द्वारा मई माह के अंत मे कार्य पूर्ण कर लिया गया।
प्रयास से बदलाव की शुरूआत

किशोरी ग्राम के दो मोहल्ले के बीच आवागमन की सुविधा के लिए परेशान ग्रामीणों को अब स्टापडेम सह पुलिया का निर्माण हो जाने से बारहमासी आवागमन की सुविधा प्राप्त हो गई है। वहीं क्षेत्र के सभी बच्चे अब सुगमता से विद्यालय तक आना जाना कर सकते हैं। ग्रामवासियों को अपने इलाज, बाजार हाट तथा खेतों तक आने-जाने में होने वाली कठिनाई अब पूरी तरह से समाप्त हो गई है। साथ ही जलसंरक्षण का एक संसाधन भी बनकर तैयार हो गया है।
मिलेगा दोहरा लाभ
कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बताया कि कुकरीझरिया नाले पर स्टापडेम सह पुलिया निर्माण से ग्रामीणों को दोहरा लाभ प्राप्त होगा। इससे ग्रामीणों का बारहमासी आवागमन सुरक्षित और सुगम हो गया है। स्टापडेम में रोके गए जल से आस पास के किसान सिंचाई की सुविधा का लाभ ले सकेंगे तथा जलभराव से आस पास का जलस्तर भी सुधरेगा।

