सफलता की कहानी
सूरजपुर/31 जुलाई 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने जिले के अनेक गरीब परिवारों के जीवन में नई रोशनी लाई है, इसी कड़ी में जनपद पंचायत भैयाथान की ग्राम पंचायत कसकेला निवासी श्री मुनेश्वर प्रसाद यादव का परिवार भी अब अपने पक्के और सुरक्षित घर में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है। वर्षों तक एक साधारण एवं असुरक्षित कच्चे मकान में रहने को मजबूर इस परिवार के लिए बरसात के दिन सबसे कठिन हुआ करते थे, जब घर में पानी भर जाता था और छत से रिसाव के कारण परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते स्वयं का पक्का मकान बनवाना उनके लिए संभव नहीं था।

इसी बीच प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत श्री मुनेश्वर प्रसाद यादव का चयन हुआ। शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता तथा प्रशानिक अमले द्वारा प्राप्त तकनीकी मार्गदर्शन में उन्होंने अपने वर्षों पुराने सपने को साकार करते हुए पक्का और सुरक्षित घर तैयार किया। आज यह परिवार एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्के मकान में रह रहा है और अब बारिश, गर्मी अथवा अन्य प्राकृतिक कठिनाइयों को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं सताती। परिवार के सभी सदस्य खुशी एवं आत्मविश्वास के साथ अपने नए घर में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
श्री मुनेश्वर प्रसाद यादव बताते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार का जीवन पूरी तरह बदल दिया है। उनका कहना है कि इस योजना से उनके बच्चों को बेहतर वातावरण मिला है और पूरे परिवार का आत्मसम्मान भी बढ़ा है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) केवल एक मकान नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और खुशहाल जीवन की नई शुरुआत है।

