सूरजपुर/17 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सूरजपुर प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत शिवनन्दनपुर निवासी कक्षा 11वीं के छात्र रामू सिंह, पिता श्री रघुवीर सिंह, को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। जन्म से दिव्यांग रामू के लिए यह सहायता उसके जीवन में नई आशा एवं आत्मनिर्भरता का संबल बनकर आई है।
मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त करने के उपरांत रामू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि दिव्यांगता के कारण उन्हें विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। प्रायः अपने माता-पिता के सहयोग से ही वे विद्यालय पहुंच पाते थे, जिससे उनकी शिक्षा एवं दैनिक गतिविधियों पर भी प्रभाव पड़ता था।


रामू ने कहा कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से अब उनके लिए विद्यालय तक पहुंचना सहज एवं सुगम हो गया है। इससे वे बिना किसी पर निर्भर हुए नियमित रूप से विद्यालय जा सकेंगे तथा अपनी पढ़ाई को और अधिक मनोयोग से जारी रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल उनके जैसे दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायी है।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदान की गई मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल ने रामू जैसे विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
रामू के चेहरे पर झलकती खुशी और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचकर उनके जीवन को सुगम एवं सम्मानजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

