कोरिया, 17 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 15 जून से 17 जून 2026 तक मानस भवन, बैकुंठपुर में उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन जिला कलेक्टर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी प्रदर्शनी स्थल पहुंचे हुए थे, वहीं फ़ोटो प्रदर्शनी के अंतिम दिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने पहुंचकर इसका अवलोकन किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी एवं जनहितकारी नेतृत्व में संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों को फोटो प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। शासन के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को आकर्षक फोटो पैनलों एवं एलईडी प्रदर्शन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
प्रदर्शनी में किसान कल्याण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में करोड़ो रुपये की सम्मान राशि अंतरण, किसानों को लागत का कम से कम डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, कृषि निर्यात को बढ़ावा तथा किसानों एवं व्यापारियों के ई-नाम पोर्टल पर पंजीकरण जैसी उपलब्धियों की जानकारी दी गई।




देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु किए गए कार्यों को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता से दर्शाया गया। गरीब कल्याण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के आवासों के निर्माण, अधोसंरचना विकास के अंतर्गत रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब रेलवे ब्रिज, समुद्र पर निर्मित अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का विस्तार तथा वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत जैसी उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया।


इसके अतिरिक्त विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी, युवा सशक्तिकरण, मुफ्त राशन वितरण, पोषण सहायता तथा आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण जैसी उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया।
प्रदर्शनी देखने पहुंचे लोगों ने कहा सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों के बारे में जो जानकारी मिली है, वह बेहद शानदार है, योजनाओं की जानकारी अब अन्य लोगों को भी दी जाएगी।

