Home एम.सी.बी. एमसीबी-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एमसीबी जिले में होगा भव्य आयोजन भरतपुर-सोनहत विधायक...

एमसीबी-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एमसीबी जिले में होगा भव्य आयोजन भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह होंगी मुख्य अतिथि, ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ का देंगी संदेश….

9
0

एमसीबी/17 जून 2026/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम आयोजन स्वामी आत्मानंद स्कूल मनेंद्रगढ़ में किया जाएगा। योग, स्वास्थ्य और जनभागीदारी के इस विशेष आयोजन में भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए उपस्थित नागरिकों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगी।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। इसी भावना के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उनके दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य उपहार है, जिसने आज पूरे विश्व में स्वास्थ्य, शांति और संतुलित जीवन का मार्ग प्रशस्त किया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का आधार है।
वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है। योग को जीवन का हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।


जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को जन-जन तक पहुंचाने के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन एमसीबी जिले में स्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा तथा ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here