सूरजपुर/ 16 जून 2026/ आमजनों की सुविधा और आवश्यक सेवाओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर के नेतृत्व में नायब तहसीलदार प्रतापपुर, खाद्य निरीक्षक तथा पटवारियों के संयुक्त दल ने प्राप्त सूचना के आधार पर प्रतापपुर स्थित शिवम फ्यूल्स पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पेट्रोल पंप परिसर में शाम लगभग 7 बजे से ईंधन से भरा टैंकर खड़ा था, लेकिन रात लगभग 11 बजे तक पंप को ड्राई रखा गया था। इसके कारण आम नागरिकों को पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर वापस भेजा जा रहा था। स्थिति के चलते पंप परिसर में लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।




मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने तत्काल हस्तक्षेप किया और मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की सक्रिय पहल पर टैंकर से पेट्रोल पंप के भंडारण टैंकों में ईंधन भरवाया गया, जिसके बाद आम नागरिकों को नियमित रूप से पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराया जाने लगा।
जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल आमजन को राहत मिली, बल्कि आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित हुई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।

