कोरिया, 11 जून 2026/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष बैकुंठपुर में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी की उपस्थिति में बुधवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मार्च 2026 तिमाही के दौरान जिले के बैंकिंग कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अग्रणी जिला प्रबंधक श्री शशि भूषण पाठक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 656.81 करोड़ रुपये के ऋण वितरण लक्ष्य के विरुद्ध 619.99 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया, जो 94.39 प्रतिशत उपलब्धि है। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए बैंकों को ऋण वितरण में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वर्तमान 36.40 प्रतिशत को बढ़ाकर न्यूनतम 40 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने सभी बैंकों को वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने तथा एनआरएलएम, पीएमएफएमई, पीएमईजीपी, डेयरी, पशुपालन एवं अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में ऋण स्वीकृति एवं वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की भी समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि संस्थान ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1202 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया। कलेक्टर ने संस्थान को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रबंधक श्री सदानंद बास्के, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

