नरसिंहपुर, 15 मई 2025. राज्य शासन के निर्देशानुसार 30 जून तक लगातार जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जल संरक्षण व संवर्धन के लिए पुरानी जल संरचनाओं की साफ- सफाई व जीर्णोद्धार, वर्षा जल के संग्रह व भू- जल में वृद्धि के लिए नवीन जल संरचनाओं का निर्माण, नदी- नालों के बहते जल को रोककर जल का सदुपयोग करने आदि के कार्य किये जा रहे हैं।
इसी क्रम में मप्र जनअभियान परिषद नरसिंहपुर के तत्वावधान में नवांकुर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बम्होरी व परिषद की संस्थाओं और नागरिकों की सहभागिता से मलापिपरिया के ऊमर नदी में 108 बोरियों का बंधान किया गया। बोरी बंधान हो जाने से तीन फुट पानी का ठहराव हो गया है। पानी के ठहराव हो जाने से आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। इसके अलावा नागरिकों और पशु- पक्षियों को सुगमता के साथ पानी उपलब्ध होगा।



