मनेंद्रगढ़
चिरमिरी। एमसीबी जिले के कोयलांचल नगरी चिरमिरी स्थित एसईसीएल की ओपन कास्ट माइंस में कबाड़ चोरी का मामला सामने आया है।
सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के चलते कबाड़ से लदी एक स्कॉर्पियो वाहन को पकड़ लिया गया, जबकि उसमें सवार संदिग्ध अंधेरे और खदान के दुर्गम क्षेत्र का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना ने खदान की सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बीती रात चिरमिरी ओपन कास्ट माइंस परिसर में सुरक्षा कर्मियों को एक स्कॉर्पियो वाहन संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। वाहन की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में कबाड़ भरा मिला। सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया। इसी दौरान वाहन में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
लंबे समय से उठ रहे हैं कबाड़ चोरी के सवाल
ओपन कास्ट माइंस में कबाड़ चोरी की घटनाओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। बताया जा रहा है कि रात के समय खदान परिसर से कीमती कबाड़ चोरी कर उसे बाजार में खपाने की कोशिश की जाती है। यदि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो एसईसीएल को आर्थिक नुकसान होने की आशंका बनी रहेगी।
पुलिस ने जब्त की स्कॉर्पियो, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद एसईसीएल चिरमिरी ओपन कास्ट माइंस के उप क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी चिरमिरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कबाड़ से लदी स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया चोरी के प्रयास और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की तैयारी
उप क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण सिंह चौहान ने बताया कि खदान में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के कारण कबाड़ से लदा वाहन पकड़ा जा सका। मामले की जांच जारी है।
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि खदान से कबाड़ चोरी करने के प्रयास में कौन-कौन लोग शामिल थे, वाहन किसके नाम पर है और चोरी किए गए कबाड़ को कहां खपाने की योजना थी। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
— विशेष संवाददाता- वशिष्ठ टाइम्स

