Home कोरिया कोरिया-उत्कर्ष योजना के तहत कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को, 20...

कोरिया-उत्कर्ष योजना के तहत कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को, 20 जून तक आवेदन………..

26
0

कोरिया 9 जून 2026/ मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 5 जुलाई 2026 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी। योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट एवं प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा का अवसर प्रदान किया जाता है।

जारी जानकारी के अनुसार परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे जो कोरिया जिले के मूल निवासी हों, छत्तीसगढ़ में मान्य अनुसूचित जाति या जनजाति वर्ग से संबंधित हों तथा कक्षा 5वीं में नियमित रूप से अध्ययनरत हों। अभ्यर्थी को कक्षा 4वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना आवश्यक है।

योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों से कक्षा 4वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं ही पात्र होंगे। नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।

इसके अलावा अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से निर्धारित सीमा के भीतर होना आवश्यक है तथा आय प्रमाण-पत्र एवं स्वघोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा।

इच्छुक विद्यार्थी जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, कक्षा 4वीं की अंकसूची की सत्यापित प्रति, पासपोर्ट आकार का फोटो, आयकरदाता नहीं होने का प्रमाण-पत्र तथा चयन उपरांत राज्य के किसी भी उत्कृष्ट विद्यालय में प्रवेश के लिए पालक की सहमति पत्र सहित 20 जून 2026 तक अपने अध्ययनरत विद्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

आवेदन की जांच के बाद पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों की जानकारी पृथक से जारी की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here