Home कोरिया कोरिया, गांवों में पहुंचकर देखें नल-जल योजना का असर- श्रीमती रोक्तिमा यादव...

कोरिया, गांवों में पहुंचकर देखें नल-जल योजना का असर- श्रीमती रोक्तिमा यादव ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता-कलेक्टर जल जीवन मिशन की 563 योजनाओं की समीक्षा, 260 योजनाओं के हस्तांतरण का लक्ष्य लापरवाह अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

6
0
hey

कोरिया  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक कलेक्टर एवं मिशन की अध्यक्ष श्रीमती रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित हुई। जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूर्ण कर ग्रामीणों तक स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए।

भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्य के तहत जिले में 563 योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से दिसंबर 2026 तक 260 योजनाओं का हस्तांतरण किया जाना है। अब तक 123 योजनाओं का हस्तांतरण पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने शेष योजनाओं के कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कागजों में नहीं, गांवों में दिखे योजनाओं का प्रभाव
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल योजनाओं के पूर्ण होने से नहीं, बल्कि ग्रामीणों के घर तक नियमित, पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचने से तय होगी। उन्होंने अधिकारियों को गांवों में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति देखने तथा सरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों में रहने वाले ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को ग्रामीणों से पेयजल की उपलब्धता, समस्याओं और गुणवत्ता के संबंध में जानकारी लेने तथा आवश्यकतानुसार पानी की जांच कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंच रहा है।

ग्रामवार कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें
बैठक में कलेक्टर ने ठेकेदारों से ग्रामवार आवंटित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी ठेकेदार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को जल्द पूरा करें। कार्यों के निष्पादन अथवा योजनाओं के हस्तांतरण में किसी प्रकार की समस्या आने पर कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंता से समन्वय कर तत्काल उसका निराकरण करें।

उन्होंने हस्तांतरण में आ रही समस्याओं वाली योजनाओं की सूची विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।

लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश
कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने और सही जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता श्री प्रखर बेले एवं संबंधित उपअभियंताओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर कार्यों की वास्तविक प्रगति की निगरानी करने को कहा।

बैठक में अनुपस्थित ठेकेदारों को भी कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए संबंधितों को सूचना देने तथा भविष्य में समीक्षा बैठकों और विभागीय कार्यों के प्रति लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी देने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here